रांची: हॉकी इंडिया ने ओमान के मस्कट में 20 से 25 जुलाई तक आयोजित होने वाली पहली युवा हॉकी फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय सब जूनियर पुरुष और महिला टीम की घोषणा कर दी है। इस प्रतियोगिता के लिए झारखंड के खिलाड़ियों को भी बड़ी सफलता मिली है। महिला टीम में राज्य की पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जबकि पुरुष टीम में एक खिलाड़ी को जगह मिली है।
झारखंड की छह खिलाड़ियों को मिला मौका
भारतीय सब जूनियर महिला टीम में झारखंड की पुष्पा मांझी, नीलम टोपनो, खिली कुमारी, श्रुति कुमारी और संदीपा कुमारी का चयन किया गया है। वहीं, पुरुष टीम में आशीष तानी पूर्ति को शामिल किया गया है।
यह प्रतियोगिता इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पहली अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ अंडर-18 युवा हॉकी फाइव्स विश्व कप के लिए आधिकारिक एशियाई क्वालीफायर होगी।
सात-सात टीमें लेंगी हिस्सा
पुरुष वर्ग में मेजबान ओमान के अलावा भारत, पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी।
वहीं महिला वर्ग में भारत, पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान और ईरान की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
हॉकी इंडिया ने महिला टीम का चयन भोपाल और पुरुष टीम का चयन चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के आधार पर किया है।
भारतीय सब जूनियर महिला टीम
- गोलकीपर: खिली कुमारी, महक परिहार
- डिफेंडर: नीलम टोपनो, किरण एक्का
- मिडफील्डर: दीया, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी
- फॉरवर्ड: नौशीन नाज, संदीपा कुमारी, स्वीटी कुजूर (कप्तान)
भारतीय सब जूनियर पुरुष टीम
- गोलकीपर: सावन कुमार, आयुष रजक
- डिफेंडर: करण गौतम, आशीष तानी पूर्ति
- मिडफील्डर: राहुल यादव, रोमित पाल
- फॉरवर्ड: केतन कुशवाहा (कप्तान), प्रह्लाद राजभर, अर्शदीप सिंह, शाहरुख अली
झारखंड के खिलाड़ियों के चयन से राज्य के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि भारतीय टीम एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर विश्व कप के लिए अपना स्थान पक्का करेगी।

