रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता मन्नान मलिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि मन्नान मलिक के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहकर झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि मन्नान मलिक के निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। उनका सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

