रांची: पढ़ाई, परीक्षा और करियर की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रांची विश्वविद्यालय में संचालित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर विद्यार्थियों के लिए मददगार साबित हो रहा है। 8 अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस केंद्र का लाभ अब तक करीब 72 से 75 छात्र और अन्य लोग उठा चुके हैं।
सप्ताह में तीन दिन विशेषज्ञ मनोवैज्ञानिक दे रहे काउंसलिंग
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निदेशक एवं मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. परवेज हसन ने बताया कि सप्ताह में तीन दिन केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआईपी) के प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक छात्रों की काउंसलिंग करते हैं। शेष दिनों में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ यह जिम्मेदारी निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रों की समस्याओं को पूरी गोपनीयता के साथ सुना जाता है। केंद्र में किसी प्रकार की दवा नहीं दी जाती, बल्कि काउंसलिंग के माध्यम से तनाव, चिंता और मानसिक परेशानियों को कम करने का प्रयास किया जाता है।
परीक्षा, करियर और सोशल मीडिया का बढ़ता दबाव
प्रो. परवेज हसन के अनुसार, परीक्षा का दबाव, करियर को लेकर अनिश्चितता, पारिवारिक तनाव, सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव और मोबाइल गेमिंग की लत छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल रही है। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ छात्रों की नियमित काउंसलिंग कर उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास करते हैं।
जरूरत पड़ने पर अभिभावकों को भी काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल किया जाता है, ताकि छात्रों को पारिवारिक सहयोग भी मिल सके।
सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र का संचालन कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड के सहयोग से किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक छात्र बिना किसी आर्थिक बोझ के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त कर सकें।

