खूंटी: खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के समीप तजना नदी पुल के नीचे शुक्रवार को एक युवक और एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में दोनों की हत्या सिर कुचलकर किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस का मानना है कि हत्या पुल के ऊपर की गई और बाद में शवों को पुल के नीचे फेंक दिया गया।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित गड़गई गांव निवासी अरुण कुमार राणा (21) और पड़ोस में रहने वाली नेहा कुमारी (25) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक सिंह, सायको थाना प्रभारी पी.आर. पांडेय सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शवों की पहचान कराई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
बच्चे को लेने ससुराल गई थी नेहा
परिजनों के अनुसार नेहा की शादी गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डोरिया गांव निवासी कुंदन प्रमाणिक से हुई थी। पिछले करीब तीन वर्षों से वह पति से अलग रह रही थी। उनका पांच वर्षीय बेटा पति के पास रह रहा था।
बताया गया कि छोटी बहन की शादी से पहले नेहा अपने बेटे को लेने अरुण कुमार राणा के साथ ससुराल गई थी। आरोप है कि वहां पति ने बच्चा देने से इनकार कर दिया और विवाद हुआ। इसके बाद नेहा ने करंज थाना में शिकायत भी दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि उन्हें अपेक्षित पुलिस सहयोग नहीं मिला।
पति समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी
पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर नेहा के पति कुंदन प्रमाणिक और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। परिजनों ने हत्या का आरोप कुंदन प्रमाणिक पर लगाया है।
अपहरण कर हत्या करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद कुंदन प्रमाणिक ने अपने साथियों के साथ दोनों का अपहरण कर स्कॉर्पियो वाहन से खूंटी लाया। आरोप है कि घाघरा गांव के पास उनकी हत्या कर शव पुल के नीचे फेंक दिए गए। पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को बुंडू चौक क्षेत्र से बरामद कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने पहुंचकर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता भोला ठाकुर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुंदन प्रमाणिक का दूसरी महिला से संबंध था और उसने दूसरी शादी भी कर ली थी। इसी को लेकर नेहा ने भरण-पोषण की मांग भी की थी।
वहीं अरुण कुमार राणा के पिता प्रकाश राम ने बताया कि अरुण अविवाहित था और उनके साथ फर्नीचर का काम सीख रहा था। उनके अनुसार नेहा के आग्रह पर वह उसे ससुराल छोड़ने गया था, लेकिन वापस लौटते समय दोनों इस घटना का शिकार हो गए।
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

