रांची: धीरूभाई अंबानी की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को संध्या टावर स्थित रिलायंस जियो के मुख्य कार्यालय की ओर से सदर अस्पताल, रांची के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रिलायंस जियो के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
शिविर के दौरान कुल 57 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसका उपयोग जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य लोगों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नियमित रक्तदान की भावना को प्रोत्साहित करना था।
सुरक्षित तरीके से किया गया रक्त संग्रह
सदर अस्पताल की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रंजू सिन्हा और उनकी टीम ने सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रक्त संग्रह किया। शिविर के दौरान रक्तदान से जुड़ी आवश्यक स्वास्थ्य प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया गया।
नियमित रक्तदान की अपील
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने रिलायंस जियो के अधिकारियों, कर्मचारियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रयास न केवल रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी भी साबित होते हैं।
वहीं, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रंजू सिन्हा ने आम नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहने से आपातकालीन परिस्थितियों में कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है।

