रांची : प्रसिद्ध कथावाचिका जया किशोरी 10 से 12 जुलाई तक रांची के होटवार स्टेडियम परिसर में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण कथा का वाचन करेंगी। यह आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। कथा के दौरान वे ‘नानी बाई का मायरा’ प्रसंग के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का वर्णन करेंगी। इसके साथ ही भक्ति संगीत और भजनों की प्रस्तुति भी होगी, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव मिलेगा।
सुबह 11 बजे से मिलेगा प्रवेश, पास की विशेष व्यवस्था
आयोजकों के अनुसार श्रद्धालुओं का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम का आयोजन द ग्लोबल बिजनेश बैंचर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है। आयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता रौशन सिंह ने बताया कि प्रवेश कूपन के माध्यम से होगा।
आयोजन के लिए वीवीआईपी पास हेतु 25 हजार रुपये का सदस्यता कूपन निर्धारित किया गया है। वहीं वीआईपी पास के लिए 8 हजार रुपये और सामान्य पास के लिए 4 हजार रुपये का शुल्क रखा गया है। इसके अलावा 5,000 श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था भी की गई है। इच्छुक श्रद्धालुओं को इसके लिए लालपुर स्थित कार्यालय में पंजीकरण कराना होगा।
देश-विदेश में लोकप्रिय हैं जया किशोरी
कम उम्र में आध्यात्मिक मार्ग अपनाने वाली जया किशोरी आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लाखों श्रद्धालुओं के बीच लोकप्रिय हैं। उनकी श्रीकृष्ण कथाएं, भजन और प्रेरणादायक विचार सोशल मीडिया पर भी व्यापक रूप से पसंद किए जाते हैं। वे अपने प्रवचनों के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिकता, सकारात्मक सोच और भारतीय संस्कारों से जुड़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
शादी को लेकर क्या कह चुकी हैं जया किशोरी?
जया किशोरी अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। विवाह को लेकर पूछे गए सवालों पर वह कई बार स्पष्ट कर चुकी हैं कि वह कोई साध्वी या संन्यासिनी नहीं हैं और भविष्य में विवाह करेंगी। उनका कहना है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान कथा और आध्यात्मिक सेवा पर है। उन्होंने यह भी कहा है कि विवाह के बाद भी वे कथा, भजन और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से लोगों को भगवान की भक्ति और संस्कारों से जोड़ने का कार्य जारी रखेंगी।

