रांची: डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 की मेजबानी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम का निरीक्षण कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी रांची के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित होना चाहिए, ताकि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें तथा रांची एक उत्कृष्ट मेजबान के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके।
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ-साथ संवेदनशील स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सीसीटीवी निगरानी, सभी प्रवेश द्वारों पर प्रभावी जांच व्यवस्था तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया।
सभी विभागों को समन्वय से काम करने का निर्देश
मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि आयोजन के दौरान प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक है। सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध निर्वहन करना होगा, ताकि डूरंड कप 2026 का आयोजन बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुविधा तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।

