रांची: झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए झारखंड शिक्षा सेवा के 42 अधिकारियों का तबादला और पदस्थापन किया है। विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस व्यापक बदलाव में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के सचिव पद पर नई नियुक्ति सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एस.डी. तिग्गा बने जैक के नए सचिव
अधिसूचना के अनुसार, सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा (एस.डी. तिग्गा) को झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) का नया सचिव नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद में प्रशासी पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। पिछले करीब एक महीने से जैक का सचिव पद रिक्त था, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।
रांची समेत कई जिलों में नए जिला शिक्षा पदाधिकारी
विभागीय आदेश के तहत मो. वसीम अहमद को रांची का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) बनाया गया है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का नया प्रशासी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कंचन कुमारी को चतरा का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि दिनेश कुमार मिश्र को गोविंदपुर डायट का प्राचार्य बनाया गया है। दीप्ति कुमारी को खूंटी का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जैक में लंबित परीक्षाओं का रास्ता हुआ साफ
जैक में नए सचिव की नियुक्ति के साथ ही पिछले एक महीने से लंबित शैक्षणिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। सचिव का पद खाली रहने के कारण करीब छह महत्वपूर्ण परीक्षाएं और अन्य प्रशासनिक कार्य लंबित थे।
अब कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं की विशेष (कंपार्टमेंटल) परीक्षाएं आयोजित की जा सकेंगी। इसके अलावा नेतरहाट विद्यालय, इंदिरा गांधी आवासीय विद्यालय समेत अन्य आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी। मदरसा और मध्यमा (संस्कृत) परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य भी जल्द शुरू कराया जाएगा।
प्रमुख तबादले एक नजर में
- एस.डी. तिग्गा – सचिव, झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक)
- मनोज कुमार – प्रशासी पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद
- आशीष कुमार पांडेय – उप निदेशक, प्राथमिक शिक्षा
- मो. वसीम अहमद – जिला शिक्षा पदाधिकारी, रांची
- दीप्ति कुमारी – जिला शिक्षा पदाधिकारी, खूंटी
- सुदेश महतो – जिला शिक्षा अधीक्षक, खूंटी
- अपरूपा पॉल चौधरी – प्राचार्य, डायट रातू
- भूतनाथ रजवार – संयुक्त सचिव, जैक
- कुमार हर्ष – संयुक्त सचिव, जैक
- दिनेश कुमार मिश्र – प्राचार्य, डायट गोविंदपुर
- नीलम कुमारी – जिला शिक्षा पदाधिकारी, बोकारो
- जगरनाथ लोहरा – जिला शिक्षा पदाधिकारी, गढ़वा
- प्रिंस कुमार – जिला शिक्षा पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम
- निशु कुमारी – जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम
- जूही रानी – जिला शिक्षा अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम
- अमित कुमार – अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी, खूंटी

