रांची: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जमशेदपुर की हालिया घटना पूरे राज्य के लिए बेहद दुखद और पीड़ादायक है। कांग्रेस इस घटना की कड़ी निंदा करती है और मानती है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने का प्रयास कर रही है।
भाजपा पर अवसरवाद का आरोप
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को जनता को गुमराह करने से पहले अपने शासनकाल के दौरान हुई घटनाओं पर भी आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश मॉब लिंचिंग, महिलाओं के खिलाफ अपराध, सांप्रदायिक हिंसा, पेपर लीक, किसानों पर अत्याचार और मणिपुर जैसी घटनाओं को नहीं भूला है।
उन्होंने सवाल उठाया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करने वाली भाजपा यह स्पष्ट करे कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और सांप्रदायिक हिंसा के मामलों में अपने दल के नेताओं या कार्यकर्ताओं पर उसने कितनी कार्रवाई की है।
सरकार ने घटना का लिया है संज्ञान
कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का उद्देश्य न्याय सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि जनभावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ हासिल करना है।
आरोपों को बताया तथ्यहीन
राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों को तथ्यहीन और गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रमाण के पोस्टिंग में सौदेबाजी जैसे आरोप लगाना राजनीतिक हताशा का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास कोई ठोस सबूत है तो उसे जांच एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। अन्यथा जनता को भ्रमित करने वाले बयान देने से बचना चाहिए।
झारखंड बंद की राजनीति पर भी साधा निशाना
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड बंद और आंदोलन की चेतावनी देकर राज्य का माहौल खराब करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने, तनाव फैलाने और बंद की राजनीति से किसी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल सकता। न्याय केवल कानून और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से ही सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि उसके शासनकाल में झारखंड और देश के अन्य राज्यों में हुई अपराध की घटनाओं पर उसके नेताओं की आवाज़ क्यों नहीं सुनाई देती थी। विपक्षी राज्यों में घटनाओं पर राजनीति करना और अपने शासित राज्यों में चुप्पी साध लेना भाजपा का दोहरा रवैया दर्शाता है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कानून के शासन, सामाजिक सौहार्द और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा से अपील की कि वह राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जांच और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करे।

