चतरा: जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित हेरु डैम से मंगलवार सुबह एक 52 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नगवां मुहल्ला निवासी रंजीत साव, पिता स्वर्गीय शंभू साव, के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोमवार से लापता थे रंजीत साव
परिजनों के अनुसार रंजीत साव सोमवार सुबह रोज की तरह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भी उनकी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
हेरु डैम में तैरता मिला शव
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने हेरु डैम के पानी में एक शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल सदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों व परिजनों की मौजूदगी में शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव की पहचान रंजीत साव के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि रंजीत साव ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

