रांची : झारखंड सरकार की छात्र कल्याण योजनाओं के तहत सोमवार को रांची में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खेल एवं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने टीवीएस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, जगन्नाथपुर क्लस्टर प्वाइंट पर 10 विद्यालयों के कुल 693 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया।
शिक्षा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को कोटा के प्रतिष्ठित संस्थानों, जैसे मोशन एजुकेशन, से जोड़कर विशेष कोचिंग की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र भी अपने सपनों को साकार कर सकें।
विद्यालय की दूरी अब नहीं बनेगी बाधा
मंत्री ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं को विद्यालय की दूरी के कारण पढ़ाई में कठिनाई होती है, उनके लिए निःशुल्क साइकिल योजना बेहद लाभकारी साबित होगी। इससे विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और ड्रॉपआउट दर कम करने में भी मदद मिलेगी।

जिले में 16,780 साइकिल वितरण का लक्ष्य
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत सरकारी विद्यालयों में कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है।
वर्ष 2026-27 के लिए रांची जिले में कुल 16,780 साइकिलों के वितरण की स्वीकृति दी गई है।
कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में समेकित जनजाति विकास अभिकरण, रांची की परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, प्रखंड कल्याण पर्यवेक्षक एनुल हक, टीवीएस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, जगन्नाथपुर की प्राचार्य एवं प्रबंधन टीम सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

