बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत तिलैया पंचायत के कारीपानी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार देर रात कथित तौर पर एक युवक ने नशे की हालत में अपने ही पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता की फटकार के बाद हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कारीपानी गांव निवासी 30 वर्षीय अर्जुन करमाली अपने मामा के घर आयोजित एक कार्यक्रम से देर रात घर लौटा था। परिजनों के अनुसार, वह नशे की हालत में था। उसकी शराब की लत से परेशान पिता जयलाल करमाली (63) ने उसे फटकार लगाते हुए समझाया कि उसकी आदत के कारण परिवार में हमेशा विवाद होता है और उसकी पत्नी भी मारपीट से तंग आकर मायके चली गई है।
बताया जा रहा है कि पिता की बात सुनकर अर्जुन करमाली अपना आपा खो बैठा। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में उसने घर में रखी टांगी से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से जयलाल करमाली की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
घटना के बाद गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे घर में ही बांधकर रखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
जगेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुखिया ने जताया दुख
शनिवार सुबह तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी भी घटनास्थल पहुंचीं। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद और शर्मनाक बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है और इस दिशा में सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।

