रांची: रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए होल्डिंग टैक्स समय पर जमा करने वाले करदाताओं को बड़ी राहत दी है। निगम ने एकमुश्त होल्डिंग टैक्स भुगतान पर अधिकतम 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट देने का प्रावधान किया है। इसके अलावा निर्धारित श्रेणियों के करदाताओं को 5 प्रतिशत अतिरिक्त छूट का लाभ भी मिलेगा।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 जून 2026 तक अपना होल्डिंग टैक्स जमा कर इस विशेष छूट योजना का लाभ उठाएं। निगम के अनुसार इस योजना का लाभ लेने के लिए अब केवल पांच दिन शेष हैं।
घर-घर पहुंचाई जा रही है योजना की जानकारी
नगर आयुक्त के निर्देश पर राजस्व शाखा की टीम निगम क्षेत्र के लगभग सभी होल्डिंग धारकों के भवनों पर सूचना पत्र चस्पा कर रही है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक करदाताओं तक इस विशेष छूट योजना की जानकारी पहुंचाना है, ताकि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर कर जमा कर सकें।
छुट्टी के दिनों में भी खुले रहेंगे जन सुविधा केंद्र
करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने छुट्टी के दिनों में भी निगम कार्यालय स्थित जन सुविधा केंद्र संचालित रखने का निर्णय लिया है।
इसके तहत 26 जून (मुहर्रम), 28 जून (रविवार) और 30 जून (हूल दिवस) को भी जन सुविधा केंद्र खुले रहेंगे। इन दिनों भी नागरिक होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर सकेंगे।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर भुगतान की सुविधा
नगर निगम ने करदाताओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होल्डिंग टैक्स जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई है।
नागरिक स्मार्ट रांची ऐप, व्हाट्सएप चैटबॉट, रांची नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट, जन सुविधा केंद्र और निगम द्वारा अधिकृत एजेंसी के कर संग्राहकों के माध्यम से आसानी से होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर सकते हैं।
