रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार झारखंड में नशामुक्ति अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत गुरुवार को रांची में मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, छात्रों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से शुरू हुई यह मैराथन दौड़ अल्बर्ट एक्का चौक तक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
नशामुक्त झारखंड मुख्यमंत्री का संकल्प : सुदिव्य कुमार
इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से मुक्त करना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि मैराथन में शामिल युवाओं का हर कदम नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश है और यह झारखंड को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि युवाओं ने मुख्यमंत्री के संकल्प को साकार करने के लिए कदम से कदम मिलाकर चलने का प्रण लिया है। राज्य के युवाओं की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि वे समाज को नशे की बुराइयों से बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
युवाओं को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
मैराथन दौड़ में रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राओं के साथ कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सबल और समृद्ध झारखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि युवा नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे, तो राज्य विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

विजेताओं को किया गया सम्मानित
अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित समापन समारोह में मैराथन और साइकिल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
साइकिल प्रतियोगिता के विजेता
पुरुष वर्ग
- प्रथम स्थान : शरद अहीर
- द्वितीय स्थान : सुभाष उरांव
- तृतीय स्थान : गुलशन डूंगडूंग
महिला वर्ग
- प्रथम स्थान : पूजा सिंह
- द्वितीय स्थान : निशा कुमारी
- तृतीय स्थान : मंजू कुमारी
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव को लेकर जागरूकता संदेश दिए गए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, युवा और रांची सहित अन्य जिलों से आए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

