रांची : एनडीए समर्थित नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवानी ने गुरुवार देर रात आजसू प्रमुख एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो के बुकरु स्थित आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सुदेश महतो और उनकी पत्नी नेहा महतो को वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल में दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद परिमल नाथवानी लगातार विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों से मुलाकात कर आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्राप्त कर रहे हैं।
महतो दंपति ने दी जीत की बधाई
इस अवसर पर सुदेश महतो और नेहा महतो ने भी परिमल नाथवानी को राज्यसभा चुनाव में मिली जीत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना करते हुए झारखंड के विकास और जनहित के मुद्दों को राज्यसभा में मजबूती से उठाने की उम्मीद जताई।
कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने परिमल नाथवानी को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं।
राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को राज्यसभा चुनाव के बाद झारखंड की राजनीति में बढ़ती सक्रियता और विभिन्न दलों के नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों के रूप में भी देख रहे हैं।

