Ranchi : झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मतगणना से पहले क्रॉस वोटिंग की अटकलों के बीच जदयू विधायक सरयू राय का बयान चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी अच्छे अंतर से चुनाव जीतेंगे।
“कुछ वोट इधर भी आ गया होगा”
मतदान समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में सरयू राय ने महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि गठबंधन के पास जितने वोट हैं, उनमें से कुछ वोट इधर भी आ गया होगा। उन्होंने अपने अंदाज में कहा, “थाली थोड़ा टेढ़ा हो जाता है तो ढुलक जाता है।” उनके इस बयान को राजनीतिक विश्लेषक संभावित क्रॉस वोटिंग की ओर संकेत के रूप में देख रहे हैं।
अंतरात्मा की आवाज पर मतदान का दावा
सरयू राय ने आगे कहा कि कुछ विधायकों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर मतदान किया है और ऐसे वोट परिमल नाथवानी के पक्ष में गए हैं। उन्होंने दावा किया कि यही कारण है कि नाथवानी की जीत लगभग तय दिखाई दे रही है। हालांकि उन्होंने किसी विधायक या दल का नाम नहीं लिया।
तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए इस बार तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस की ओर से पीके झा, झामुमो की ओर से बैजनाथ राम और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनावी मैदान में हैं।
मतगणना पर टिकी सबकी नजर
राज्यसभा चुनाव में विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने मतदान किया। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अब सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की नजर मतगणना पर टिकी हुई है। नतीजों के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं में कितनी सच्चाई थी और राज्यसभा की दोनों सीटों पर कौन विजयी होता है।

