पलामू : पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित कब्रिस्तान में सोमवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय नूरीसबा के रूप में हुई है, जो पिछले आठ दिनों से लापता थी। शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
आठ दिनों से थी लापता
परिजनों के अनुसार नूरीसबा 8 जून को अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो 11 जून को मोहम्मदगंज थाना में सनहा दर्ज कराया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी महिला की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच सोमवार शाम कब्रिस्तान के पास महिला का शव मिलने की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के परिजनों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि नूरीसबा के पति मुजाहिद शेख, जो मंझिआंव थाना क्षेत्र के घुरुआ गांव का निवासी है, ने दूसरी शादी कर ली थी। परिजनों का दावा है कि शव पर कई संदिग्ध निशान मिले हैं। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि हत्या के बाद शव को कब्रिस्तान में फेंका गया और साक्ष्य मिटाने के लिए उस पर तेजाब भी डाला गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद रसूलपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

