रांची : झारखंड में लंबे समय से लंबित सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो गई है। राज्य में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को मंजूरी मिल गई है। नवनियुक्त सूचना आयुक्तों में वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक शामिल हैं।
चयन समिति ने की थी अनुशंसा
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 25 मार्च को इन चार नामों की अनुशंसा कर फाइल राजभवन को भेजी थी। इसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम स्वीकृति का इंतजार था।
राजभवन ने मांगी थी स्थिति स्पष्ट करने की जानकारी
सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने विशेष रूप से उन नामों को लेकर आपत्ति जताई थी जिनके सक्रिय राजनीतिक दलों से जुड़े होने की चर्चा थी। राजभवन ने इस संबंध में मुख्य सचिव को फाइल वापस भेजते हुए संबंधित व्यक्तियों की स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया था।
आवश्यक स्पष्टीकरण और प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चारों नामों पर अंतिम मुहर लग गई है। इसके साथ ही झारखंड में सूचना आयुक्तों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में लंबे समय से लंबित प्रक्रिया भी पूरी हो गई है।
सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से सूचना के अधिकार कानून के तहत लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। राज्य सूचना आयोग के कामकाज को भी इससे मजबूती मिलेगी।

