जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का सोमवार को श्रीनगर स्थित शेख-उल-आलम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने प्रवास के दौरान वह विभिन्न नागरिक और सैन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ सुरक्षा बलों के जवानों एवं स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।
अवंतीपोरा में विकास और सुशासन पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे संजय सेठ ने पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में विकास, सुशासन और जनविश्वास की नई तस्वीर उभरी है। केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है और क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष फोकस
संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दो एम्स संस्थानों की स्थापना की जा रही है, जिनमें से एक का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, एमबीबीएस और पीजी सीटों में वृद्धि तथा स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
पर्यटन और स्थानीय उद्योगों को मिली नई गति
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और स्थानीय उद्योगों के विकास को भी नई रफ्तार मिली है। यहां निर्मित क्रिकेट बैट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती मांग से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। वहीं फिल्म शूटिंग और पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा जम्मू-कश्मीर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर अब विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान में किया पौधारोपण
अपने दौरे के दौरान संजय सेठ ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर सत पॉल शर्मा, सैयद दरख्शां अंद्राबी, अनवर खान, आरिफ राजा, अल्ताफ ठाकुर, सुनीता रैना सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए जम्मू-कश्मीर में चल रही विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की।

