रांची : रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के सफल समापन के बाद जिला वर्ग प्रभारी एवं वर्ग संयोजकों की संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों और मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा करते हुए अभियान की उपलब्धियों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के सजग प्रहरी : कविता पाटीदार
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद और प्रशिक्षण महाअभियान की राष्ट्रीय प्रशिक्षण टोली की सदस्य कविता पाटीदार ने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी संगठन की शक्ति का मूल आधार होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सजग प्रहरी है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से समृद्ध करने के साथ-साथ संगठन की कार्यप्रणाली और जनसेवा के मूल्यों से भी जोड़ा गया है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए इस विचार को धरातल पर उतारा जा रहा है।
संगठन की मजबूती का आधार हैं प्रशिक्षित कार्यकर्ता : आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 झारखंड भाजपा के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी अभियान साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती प्रशिक्षित, समर्पित और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान ने संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं को वैचारिक, सांगठनिक और व्यवहारिक रूप से अधिक सक्षम बनाया है। समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रशिक्षण की उपलब्धियों का मूल्यांकन कर आगामी कार्यक्रमों और चुनौतियों के लिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
सेवा, सुशासन और विकास पर भाजपा का फोकस
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनावी सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सकारात्मक बदलाव पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक विकास का प्रभावी माध्यम बना है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिली है।
बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन केके गुप्ता ने दिया। कार्यक्रम में शालिनी वैशिखियार, मनीर उरांव, शैलेन्द्र सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव, अमित मंडल, अशोक बड़ाईक, अविनेश सिंह, राकेश भास्कर, संजीव विजयवर्गीय, प्रियंका रंजन, गणेश तिवारी, बबलू भगत, दिनेश कुमार, भारत यादव, बलराम सिंह, रमेश सिंह और सतीश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में वर्ग प्रभारी एवं वर्ग संयोजक उपस्थित रहे।

