गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में मसरा जंगल से मिले युवक के कंकाल मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी।
मसरा जंगल से बरामद हुआ था कंकाल
चिनिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मसरा गांव निवासी सुकन सिंह का 30 वर्षीय पुत्र जयमंगल सिंह 13 मई से लापता था। काफी तलाश के बाद बुधवार को मसरा जंगल से उसका कंकाल बरामद किया गया।
मामला संदिग्ध होने के कारण रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस और फॉरेंसिक टीम गठित की गई। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक जयमंगल सिंह का गांव के ही सुदामा सिंह की पत्नी चुरामनी देवी के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। 13 मई की रात गांव में बारात आई हुई थी, जिसे देखने जयमंगल सिंह गया था।
इसी दौरान जयमंगल और चुरामनी देवी गांव के पास एक खेत में पहुंचे। पुलिस के अनुसार, दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद सुदामा सिंह ने गुस्से में आकर लाठी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से जयमंगल की मौके पर ही मौत हो गई।
शव को जंगल में फेंका
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, सुदामा सिंह और उसकी पत्नी चुरामनी देवी ने शव को मसरा जंगल में फेंक दिया, ताकि घटना का खुलासा न हो सके। हालांकि पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कई पुलिस अधिकारियों ने की जांच
इस हत्याकांड के खुलासे में रंका पुलिस इंस्पेक्टर अभिजीत कुमार, गौतम मिश्रा, चिनिया थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक राधेश्याम राम, सुखराम उरांव, ओमप्रकाश कुमार और चिनिया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
थाना प्रभारी ने क्या कहा
चिनिया थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक ने बताया कि जयमंगल सिंह और चुरामनी देवी के बीच अनैतिक संबंध थे। 13 मई की रात दोनों को साथ देखकर सुदामा सिंह ने आपा खो दिया और लाठी से हमला कर हत्या कर दी। बाद में उसकी पत्नी ने भी शव को ठिकाने लगाने में उसका साथ दिया।

