रांची : रांची रेलवे स्टेशन पर “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बच्चे के गले से छीना गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया। इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना 26 मई 2026 की है। ट्रेन संख्या 18603 एक्सप्रेस में अपने परिवार को विदा करने आए एक यात्री के बच्चे के गले से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट किसी अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर छीन लिया था। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीसीटीवी जांच से मिला आरोपी का सुराग
घटना की शिकायत मिलते ही आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। फुटेज खंगालने के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान हुई। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट रांची, डिविजनल टीम और सीआईबी की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुट गई।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 से हुई गिरफ्तारी
28 मई 2026 को सीसीटीवी स्टाफ से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान ऋतिक मिश्रा के रूप में बताई, जो बोकारो का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान उसके पास से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट, एक काला बटुआ और पैन कार्ड की कॉपी बरामद की गई।
शिकायतकर्ता ने की लॉकेट की पहचान
शिकायतकर्ता अजय कुमार सिन्हा को जब बरामद लॉकेट दिखाया गया तो उन्होंने तुरंत उसे अपने बच्चे का लॉकेट बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने भी घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
इसके बाद आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी और बरामद सामान को जीआरपी रांची के हवाले कर दिया। जीआरपी ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उप निरीक्षक अश्वनी कुमार, स्टाफ मयंक सिंह, डिविजनल टीम के एएसआई अनिल कुमार, राज कुमार सिंह, हेमंत और सीआईबी रांची की टीम की अहम भूमिका रही। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

