रांची : प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई को बड़ा झटका देते हुए रांची पुलिस ने उसके हेड अमृत होरो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बीती देर रात विशेष अभियान चलाकर अमृत होरो को जमाकेल गांव से पकड़ा।
जानकारी के अनुसार एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर क्यूआरटी टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। अमृत होरो पर झारखंड सरकार ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
फिलहाल पुलिस उसे गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है।
शादी समारोह में शामिल होने पहुंचने वाला था अमृत होरो
सूत्रों के मुताबिक पीएलएफआई का हेड अमृत होरो पुलिस के दबाव के कारण रांची और खूंटी के सीमावर्ती इलाकों में लगातार ठिकाना बदलकर रह रहा था।
बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि वह जमाकेल गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आने वाला है। सूचना मिलते ही क्यूआरटी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी और योजनाबद्ध तरीके से उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने अमृत होरो को शादी समारोह में पहुंचने से पहले ही दबोच लिया।
रांची और खूंटी में दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार अमृत होरो के खिलाफ रांची और खूंटी जिले में दर्जनों मामले दर्ज हैं। इनमें आगजनी, लेवी वसूली के लिए फायरिंग और पुलिस मुठभेड़ से जुड़े मामले शामिल हैं।
फिलहाल रांची पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इसके बाद खूंटी पुलिस भी उससे पूछताछ करेगी।
अमृत होरो की गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

