रांची : रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-1 पटेल नगर निवासी चिरंजीव महतो के दो बच्चे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। लापता बच्चों में छह वर्षीय युवांश उर्फ तूफान और 10 वर्षीय रोशनी कुमारी शामिल हैं।
परिजनों के अनुसार दोनों बच्चे 25 मई की दोपहर करीब एक बजे के बाद से घर से गायब हैं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो 26 मई को पिता ने जगन्नाथपुर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई।
सूचना देने की अपील
परिवार और पुलिस ने लोगों से बच्चों की तलाश में सहयोग की अपील की है। बच्चों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर पिता के मोबाइल नंबर 9572650742 और जगन्नाथपुर थाना के नंबर 9431706169 पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है।
परिजनों का कहना है कि लोगों की एक छोटी सी सूचना भी बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है।
युवांश को लोग तूफान नाम से बुलाते हैं
लापता युवांश को मोहल्ले और झोपड़ी मार्केट के आसपास लोग तूफान नाम से जानते हैं। पिता चिरंजीव महतो ने बताया कि युवांश को खाने-पीने का काफी शौक है और वह अक्सर चाउमिन, फुचका समेत अन्य चीजें खरीदकर खाता था।
उन्होंने बताया कि एक मई को खेलते समय एक कुत्ते ने युवांश को काट लिया था, जिसके बाद उसे रेबीज का टीका लगाया जा रहा है। एक मई, चार मई और आठ मई को इंजेक्शन लग चुका है, जबकि अगला टीका 29 मई को लगना है। परिवार का कहना है कि समय पर टीका नहीं लगने से बच्चे की जान को खतरा हो सकता है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दोनों बच्चे
पुलिस बच्चों की तलाश में लगातार जुटी हुई है। वहीं स्थानीय स्तर पर भी लोगों की मदद से खोजबीन जारी है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान घर से करीब 800 मीटर दूर लगे एक कैमरे में दोनों बच्चे दिखाई दिए हैं।
इसके अलावा रांची और हटिया रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
फुचका खाते देखे गए थे बच्चे
झोपड़ी मार्केट के पास एक दुकानदार ने बताया कि तीन बच्चे पास की दुकान में फुचका खा रहे थे, जिसके बाद वे वहां से चले गए।
इधर पारस राणा मंगलवार शाम बच्चों के घर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
आर्थिक तंगी में गुजर-बसर कर रहा परिवार
चिरंजीव महतो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के झालदा के रहने वाले हैं और रांची में सुधा डेयरी में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। वह पिछले 10 वर्षों से रांची में रह रहे हैं।
परिवार पिछले तीन वर्षों से सेक्टर-1 पटेल नगर के एक छोटे से मकान में रह रहा है। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और छोटे से एसबेस्टस वाले घर में किसी तरह गुजर-बसर कर रहा है।
बच्चों की मां रूपाली खलखो सब्जी बेचकर परिवार चलाने में सहयोग करती हैं। दोनों बच्चे धुर्वा स्थित गायत्री मंदिर स्कूल में पढ़ते हैं। युवांश पहली कक्षा और रोशनी तीसरी कक्षा की छात्रा है।

