साहिबगंज : साहिबगंज के बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में शेरशाहबादी डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को समाप्त हो गया। यह आंदोलन 4 मई 2026 से शेरशाहबादी जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर चल रहा था।
कई दिनों से आंदोलनकारी प्रशासन से ठोस पहल की मांग कर रहे थे और लगातार धरना पर डटे हुए थे।
आलमगीर आलम और विधायक एमटी राजा पहुंचे धरना स्थल
धरना स्थल पर पूर्व मंत्री Alamgir Alam और राजमहल विधायक एमटी राजा पहुंचे। दोनों नेताओं ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को गंभीरता से उठाने का भरोसा दिया।
नेताओं के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने का फैसला लिया।
प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई का भरोसा
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर उपायुक्त और संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेरशाहबादी जाति प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर प्रशासन गंभीरता से पहल करेगा।
उन्होंने कहा कि समाज की मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
जांच समिति गठित करने का फैसला
धरना स्थल पर राजमहल एसडीओ सदानंद महतो भी मौजूद रहे। प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच बातचीत के बाद मामले की जांच के लिए एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
इस समिति में शेरशाहबादी डेवलपमेंट सोसाइटी के सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा।
राज्य सरकार को भेजी जाएगी रिपोर्ट
समिति पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी। जरूरत पड़ने पर कैबिनेट स्तर पर संशोधन कर शेरशाहबादी जाति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा सकती है।
धरना समाप्त होने के दौरान बड़ी संख्या में समाज के सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो भविष्य में फिर आंदोलन किया जा सकता है।

