रांची : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा उलातु पंचायत के जिरगी टोली में एक 21 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
डेयरी फार्म में मिला शव
मृतक की पहचान अमरजीत कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले का रहने वाला था। वह अपने पिता शिवनाथ साह के साथ स्थानीय डेयरी फार्म में काम करता था।
जानकारी के अनुसार, अमरजीत सोमवार को रोज की तरह अपने पिता के साथ डेयरी फार्म पहुंचा था। दोपहर करीब तीन बजे उसके पिता गायों के लिए चारा लेने बाहर गए थे। इसी दौरान युवक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पिता लौटे तो सामने आया दर्दनाक मंजर
जब शिवनाथ साह वापस डेयरी परिसर पहुंचे तो उन्होंने अपने बेटे को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर वे सदमे में आ गए और तुरंत इसकी सूचना नामकुम थाना पुलिस को दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

