गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। देवरी-हिरोडीह थाना क्षेत्र के बरवाबाद (बंगारो) गांव में मारपीट के दौरान घायल हुए इंद्रदेव यादव (40) की मौत के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया।
हत्या के बाद गांव में भड़का आक्रोश
घटना के विरोध में सोमवार रात आक्रोशित ग्रामीणों ने खरगडीहा-खिजुरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। करीब तीन घंटे तक चले सड़क जाम से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस, स्थिति नियंत्रित
सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और हिरोडीह थाना प्रभारी पर लगे आरोपों की भी जांच होगी। इसके बाद रात करीब साढ़े दस बजे ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम
इधर, जैसे ही इंद्रदेव यादव का शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी नीतू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर आक्रोशित हैं।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मृतक की पत्नी की शिकायत पर हिरोडीह थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी भोला यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

