पटना : बिहार सरकार राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार ने राज्य के 10 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों में सोलर यूनिट लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को तेजी से काम करने का निर्देश दिया है।
सोमवार को 01 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। अब लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़कर उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
घरों में सोलर प्लेट लगाने के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार लोगों को अपने घरों पर सोलर प्लेट लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां सोलर पैनल लगाए गए हैं, वहां नियमित मॉनिटरिंग और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका दीदियों को सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। साथ ही गांवों में सौर ऊर्जा की कार्यप्रणाली और इसके लाभों के बारे में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सोलर ऊर्जा के फायदे समझाना जरूरी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना से जुड़ सकें।
कृषि क्षेत्र में भी बढ़ेगा सौर ऊर्जा का इस्तेमाल
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को तेजी से लागू करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक घरों को इस योजना से जोड़ा जाए।
इसके अलावा कृषि फीडरों के सोलराइजेशन और खेती-किसानी में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को बिजली खर्च में राहत मिलेगी और ऊर्जा बचत को बढ़ावा मिलेगा।
ऊर्जा विभाग ने दी योजनाओं की जानकारी
बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने प्रस्तुतीकरण के जरिए विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, बीपीएल उपभोक्ताओं के सोलराइजेशन प्लान और जीविका दीदियों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

