पलामू : पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना हरिहरगंज शहरी क्षेत्र के वैद्य बिगहा मुहल्ला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे की बताई जा रही है।
शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सिर और चेहरे पर मिले गहरे जख्म
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद हरिहरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशानों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को सुनसान इलाके में लाकर फेंका गया हो सकता है।
हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जल्द खुलासे की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जल्द जांच पूरी कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

