गुमला : झारखंड के गुमला जिले में नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। शिकायत दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और छात्रा को भी सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बसिया थाना क्षेत्र के कुरूम गांव निवासी मोनी महली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मां की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
जानकारी के अनुसार छात्रा की मां ने कुरकुरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी नाबालिग बेटी को मोनी महली बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। शुरुआती जांच में पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। परिवार के लोगों ने भी आरोपी के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।
थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
कुरकुरा थाना प्रभारी संजय मुंडा के नेतृत्व में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए टेक्निकल सेल और गुप्तचर विभाग की भी मदद ली गई। पुलिस लगातार मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास करती रही।
देर रात पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके बाद टीम रांची के नगड़ी इलाके पहुंची।
रांची के नगड़ी से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने नगड़ी इलाके में छापेमारी कर आरोपी मोनी महली को गिरफ्तार कर लिया। वहीं नाबालिग छात्रा को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस दोनों को लेकर वापस थाना पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि छात्रा को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
नाबालिग मामलों में त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

