रांची : झारखंड में बिजली से जुड़ी समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नया “जन समस्या निवारण केंद्र” शुरू किया है। इसके साथ ही विभाग ने नया हेल्पलाइन नंबर 9031110120 जारी किया है।
इस नंबर पर उपभोक्ता सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बिजली से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। विभाग के अनुसार नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को जल्दी राहत देना और शिकायत समाधान प्रक्रिया को आसान बनाना है।
बिजली बिल से ट्रांसफॉर्मर तक की शिकायत
जेबीवीएनएल के इस नए सिस्टम के जरिए बिजली बिल में गड़बड़ी, ट्रांसफॉर्मर खराब होने, बिजली कटौती, लो वोल्टेज और तार से जुड़ी समस्याओं की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
उपभोक्ता फोन के अलावा सीधे शिकायत केंद्र पहुंचकर भी अपनी समस्या बता सकेंगे। विभाग ने शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए अलग टीम तैनात की है।
डोरंडा के कुसई कॉलोनी में खुला केंद्र
यह नया जन समस्या निवारण केंद्र रांची के डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी में शुरू किया गया है। केंद्र में एक सीनियर मैनेजर, मैनेजर और अन्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की शिकायत सुनकर संबंधित विभाग तक पहुंचाएंगे।
पहले ही दिन पहुंचीं 100 शिकायतें
नया केंद्र शुरू होते ही लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला। जेबीवीएनएल अधिकारियों के मुताबिक पहले ही दिन करीब 100 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें बिजली आपूर्ति बाधित होने, बिलिंग गड़बड़ी और बिजली तार बदलने जैसी समस्याएं शामिल थीं।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 30 प्रतिशत शिकायतों का तुरंत समाधान भी कर दिया गया।
नौकरीपेशा लोगों को ध्यान में रखकर तय हुआ समय
विभाग का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने का समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक इसलिए रखा गया है ताकि नौकरीपेशा लोग भी कार्यालय जाने से पहले या लौटने के बाद आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
भविष्य में इस केंद्र को 24 घंटे और सातों दिन सेवा देने की तैयारी भी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नए हेल्पलाइन नंबर के साथ पुराने नंबर 1912 और 1800-345-6570 भी पहले की तरह काम करते रहेंगे।
राज्य में बिजली उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभाग लगातार नई सुविधाएं जोड़ने पर काम कर रहा है।

