चतरा : झारखंड के चतरा जिले में हंटरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड-बिहार सीमा के गोसाईडीह के पास 14 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 2.900 किलोग्राम अफीम, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टेंपो से अफीम लेकर चतरा-जोरी मार्ग होते हुए बिहार के गया की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर हंटरगंज पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर गोसाईडीह के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पकड़ा गया तस्कर
जांच के दौरान एक सवारी टेंपो को रोका गया, लेकिन उसमें बैठा एक व्यक्ति काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर अचानक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार तस्कर की पहचान अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है, जो चतरा सदर थाना क्षेत्र के सिकिद गांव का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अफीम को दिल्ली ले जाकर किसी अन्य तस्कर को सौंपने की योजना में था। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस की बड़ी सफलता
इस कार्रवाई में एसडीपीओ संदीप सुमन, पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार और सब-इंस्पेक्टर दिलीप कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने इसे नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
अधिकारियों के अनुसार, बिहार सीमा पर सक्रिय सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

