रांची : झारखंड कैडर के 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें सीमा सुरक्षा बल में डीआईजी पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में सोमवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई।
गृह मंत्रालय की ओर से झारखंड के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी ने सुरेंद्र कुमार झा की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उन्हें सीमा सुरक्षा बल में खाली पड़े डीआईजी पद पर तैनात किया गया है।
तत्काल कार्यमुक्त करने का अनुरोध
केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार से आग्रह किया है कि सुरेंद्र कुमार झा को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे जल्द अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें। गृह मंत्रालय के इस फैसले के बाद पुलिस महकमे में इसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्ति माना जा रहा है।
कई अहम पदों पर दे चुके हैं सेवाएं
सुरेंद्र कुमार झा झारखंड पुलिस के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने राज्य में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। पुलिस विभाग में उनकी पहचान एक सख्त, अनुशासित और प्रभावी अधिकारी के रूप में रही है।
बीएसएफ में अहम होगी भूमिका
सीमा सुरक्षा बल देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों में शामिल है, जो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है। ऐसे में डीआईजी के रूप में सुरेंद्र कुमार झा की नई भूमिका को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

