जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने चर्चित वाहन चोरी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ झारखंड और ओडिशा के कई थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विंगर वैन चोरी मामले में चल रही थी जांच
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने सोमवार को बताया कि गालुडीह थाना में दर्ज वाहन चोरी मामले की जांच लगातार की जा रही थी। मामला 28 दिसंबर 2025 की देर रात चोरी हुई विंगर वैन से जुड़ा है।
इस मामले में पुलिस पहले ही मांझीया टुडू उर्फ प्रेम टुडू और सत्यवान कुम्भकार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। साथ ही चोरी की गई विंगर वैन भी बरामद कर ली गई थी।
फरार आरोपी को घर से दबोचा
पुलिस के मुताबिक इस मामले का एक अन्य आरोपी बिरसन मुण्डा लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के मुटुडा गांव स्थित अपने घर में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तीन चोरी के वाहन बरामद
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के आंगन से तीन चोरी के वाहन बरामद किए। इनमें स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल, लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक और सफेद-नीले रंग की होंडा डियो स्कूटी शामिल है।
जांच में पता चला कि टीवीएस अपाचे बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस ने असली नंबर प्लेट और पहचान से जुड़े अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
झारखंड-ओडिशा सीमा में सक्रिय गिरोह का शक
पुलिस जांच में सामने आया कि टीवीएस अपाचे बाइक चोरी का मामला ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना में दर्ज है, जबकि होंडा डियो स्कूटी चोरी का मामला बहलदा थाना में दर्ज पाया गया।
बरामद स्प्लेंडर बाइक को लेकर गालुडीह थाना में पहले से सनहा दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
पुलिस को आशंका है कि वह झारखंड-ओडिशा सीमा क्षेत्र में सक्रिय अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का हिस्सा है। अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।
कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
गिरफ्तार आरोपी बिरसन मुण्डा उर्फ बिरसेन मुण्डा की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है। वह सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के मुटुडा गांव का निवासी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ खरसावां, ईचागढ़, कवाली और ओडिशा के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। ओडिशा पुलिस ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया हुआ था।

