रांची : झारखंड का मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने 9 मई को राज्य के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। रांची, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और बोकारो में ओलावृष्टि के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई इलाकों में वज्रपात होने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
राज्य के अन्य जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बादल छाए रहने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 से 14 मई तक पूरे झारखंड में दोपहर के बाद मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन का दिख रहा असर
मौसम विभाग के मुताबिक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। राजधानी रांची में करीब 2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि जमशेदपुर में लगभग 5 मिलीमीटर बारिश हुई।
सबसे अधिक बारिश चाईबासा में दर्ज की गई, जहां 25 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। वहीं देर रात कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, गोड्डा, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
रांची के तापमान में आई गिरावट
बारिश और बादलों के असर से राजधानी रांची के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां पिछले 24 घंटे में तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई।

