सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है। कपाली ओपी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जिले की एसपी Nidhi Dwivedi ने बताया कि 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में नशे का अवैध कारोबार चल रहा है।
सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की गई। पुलिस जब मकान में पहुंची तो वहां से 679 पुड़ियों में पैक 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
किराए के मकान से चला रहे थे नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराज अली, असगर अली और शबनम परवीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महाराज अली इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बताया गया कि वह आरआईटी थाना क्षेत्र के एक मामले में पहले से वांछित था।
जांच में यह भी पता चला कि तीनों आरोपी किराएदार बनकर मकान में रह रहे थे और वहीं से ब्राउन शुगर सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई जाती थी और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।
इसके साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित सफेदपोशों की भी पहचान की जा रही है।

