रांची : झारखंड में बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को राज्य के वरीय पदाधिकारियों और सभी उपायुक्तों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला प्रशासन संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने दे।
बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली कटौती, ट्रांसफॉर्मर खराबी और आपूर्ति बाधित होने जैसी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी समस्या सामने आए, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष सतर्कता
हीटवेव और लू के प्रभाव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके तहत लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए जरूरी दवाइयां, ओआरएस, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा उपकरण और पर्याप्त संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहें और क्षेत्र का लगातार भ्रमण करें। जनसुनवाई और आम लोगों से सीधे संवाद के माध्यम से समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान किया जाए।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि गर्मी के इस दौर में प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता को राहत पहुंचाना और जरूरी सेवाओं को निर्बाध बनाए रखना है।

