रांची : राजधानी के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 700 किलो अफीम-डोडा बरामद किया है। यह खेप जंगल में छिपाकर रखी गई थी, जिसे गुप्त सूचना के आधार पर जब्त किया गया। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क की पोल खुल गई है।
जंगल में छिपाकर रखा गया था माल
जानकारी के अनुसार रुगड़ी मोड़ के पास कदमडीह इलाके में पहाड़ी की तलहटी स्थित जंगल में तस्करों ने 21 बोरा डोडा गड्ढे में छिपाकर रखा था। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी करते हुए सभी बोरे बरामद कर लिए। जब्त किए गए डोडा का कुल वजन करीब सात क्विंटल बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर जंगल का फायदा उठाकर नशीले पदार्थों का भंडारण कर रहे हैं। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर उनके नेतृत्व में छापेमारी की गई।
पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुए तस्कर
छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्करों को भनक लग गई और वे घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
तलाश जारी
पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

