चाईबासा : जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के उलीडीह गांव में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ नष्ट किया गया और अवैध शराब भी बरामद हुई।
यह कार्रवाई उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने मंझारी थाना पुलिस के सहयोग से उलीडीह गांव में अभियान चलाया और अवैध शराब बनाने वाली भट्टी को ध्वस्त कर दिया।
2000 किलो जावा महुआ नष्ट, शराब बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 2000 किलो जावा महुआ नष्ट किया। इसके अलावा लगभग 90 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। एक दुकान से करीब साढ़े 6 लीटर बियर भी जब्त की गई।
अभियान के दौरान शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में चल रहे अवैध शराब कारोबार को बड़ा झटका लगा है।
एक आरोपी गिरफ्तार, चार फरार
मामले में उत्पाद विभाग ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। छापेमारी के दौरान चंद्रमोहन सवैया को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चार आरोपी श्याम सिंह मुंडा, बीरू मुंडा, रुई मुंडा और चंद्र मुंडा मौके से फरार हो गए।
पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

