धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित काशीटांड़ के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान राजकुमार महतो और उनकी पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई है। दोनों बगदाहा, राजगंज के निवासी थे।
तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार महतो अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में पति-पत्नी की मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार महतो और सरस्वती देवी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं उनके बच्चे का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
बताया जा रहा है कि राजकुमार महतो पेशे से राजमिस्त्री थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बरवाअड्डा थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।

