पलामू : झारखंड के पलामू जिला प्रशासन ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई पहल शुरू की है। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जनता दरबार की जगह अब हर बुधवार ‘जन समाधान दिवस’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस दिन वे स्वयं उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
जन समाधान दिवस में केवल उपायुक्त ही नहीं, बल्कि राजस्व, विकास और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि एक ही मंच पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
शिकायतों की समीक्षा और त्वरित निपटारा
उपायुक्त ने बताया कि हर बुधवार प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की जाएगी और उनका जल्द से जल्द निपटारा करने का प्रयास किया जाएगा। अदालत से जुड़े मामलों में संबंधित लोगों को आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
साथ ही, जो अधिकारी मामलों को लंबित रखेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि फर्जी शिकायत करने वालों पर नजर रखी जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जन समाधान दिवस के संचालन के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
पानी और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान
जिला प्रशासन शहर में पानी की समस्या और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी गंभीर है। सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से लगने वाले स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि जाम की समस्या कम हो सके। इस कार्य में नगर निगम के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, जमीन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की जा रही है। प्रशासन एसआईआर और जनगणना की तैयारियों में भी जुटा हुआ है। उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि सभी कार्य पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएंगे।

