रांची : झारखंड की राजधानी रांची स्थित जगन्नाथपुर मंदिर से शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में तैनात एक गार्ड की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
चोरी के बाद गार्ड की हत्या
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसे। उस समय गार्ड बिरसा मुंडा मंदिर परिसर में ही सो रहे थे। चोरों ने पहले चोरी की वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद गार्ड की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो परिसर में गार्ड का शव पड़ा देख सन्न रह गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और भय दोनों का माहौल है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए थे।
मुआवजे की मांग, परिवार में मातम
घटना के बाद मृतक के घर में शोक का माहौल है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और प्रशासन से न्याय के साथ-साथ मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मंदिर समिति की ओर से परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता देने की बात कही गई है, लेकिन परिजन दोषियों को सख्त सजा और स्थायी मदद की मांग कर रहे हैं।
तीन संदिग्ध हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में स्थानीय चोरों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

