गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के खेरीडीह गांव में पत्थर खदान को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार देर रात भतीजे ने अपने ही चाचा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रफीक अंसारी (55) के रूप में हुई है।
विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, रफीक अंसारी का अपने भतीजे जियाउल अंसारी और अयूब अंसारी के बेटे के साथ पत्थर खदान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात गांव के एक व्यक्ति सुफेद अंसारी ने मामले को सुलझाने के लिए रफीक को अपने घर बुलाया था। हालांकि, बातचीत के दौरान विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ गया।
चाकू से गोदकर की हत्या
बताया जा रहा है कि कहासुनी के बीच मामला इतना बिगड़ गया कि जियाउल अंसारी और अयूब अंसारी ने मिलकर रफीक अंसारी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रफीक की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार तड़के धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। फिलहाल मुख्य आरोपी जियाउल अंसारी, अयूब अंसारी और उसका बेटा फरार हैं।
परिवार में मातम, इलाके में तनाव
हत्या के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। इस दौरान परिजनों ने आक्रोश जताते हुए हंगामा भी किया। दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस का बयान
मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

