रांची: खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज महिला कर्मचारियों ने मंगलवार को कंपनी गेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला कर्मियों ने काम करने से इनकार कर दिया, जिससे परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
85 प्रतिशत महिलाएं, वेतन नहीं मिलने से नाराजगी
फैक्ट्री में करीब 2400 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 85 प्रतिशत महिलाएं हैं। जानकारी के अनुसार, वेतन भुगतान नहीं होने के कारण आधी महिला कर्मियों ने काम पर लौटने से साफ इनकार कर दिया है।
पुलिस पहुंची मौके पर, स्थिति नियंत्रित
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। खेलगांव थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम को तुरंत तैनात कर दिया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। साथ ही यातायात पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ा है।
वार्ता के बाद मिला आश्वासन
पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारी महिला कर्मियों और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता कराई गई। वार्ता के बाद प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि अगले सोमवार तक सभी कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्थिति को देखते हुए प्लांट परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
रोजगार का प्रमुख केंद्र
उल्लेखनीय है कि इस औद्योगिक इकाई की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की पहल पर की गई थी, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिला है।

