चतरा: जिले के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रही होम गार्ड बहाली प्रक्रिया का रवि आनंद ने निरीक्षण किया। यह बहाली प्रक्रिया 1 अप्रैल से संचालित है और 23 अप्रैल तक प्रस्तावित है।
बहाली प्रक्रिया के हर चरण का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंजीकरण, शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन सहित सभी चरणों का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए।
अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने पेयजल, छाया, चिकित्सा सुविधा, शौचालय और विश्राम स्थल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने का निर्देश दिया गया।
युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि यह बहाली प्रक्रिया युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी और सजगता के साथ इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।
इस मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम और जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

