बोकारो: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने सीसीएल के कथारा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार के एक मामले का खुलासा किया है। सीबीआई की धनबाद टीम ने कथारा कोलियरी के कार्मिक प्रबंधक सुभाष चन्द्र पासवान और एक कथित बिचौलिए सह स्थानीय नेता शमशुल हक को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
रिटायर कर्मचारी के बकाया भुगतान में मांगी गई घूस
मामला वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए कारू मांझी के बकाया भुगतान से जुड़ा है। उनके बेटे सुरेश किस्कू के अनुसार, लंबे समय से भुगतान लंबित था, जिससे परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। आरोप है कि फाइल को आगे बढ़ाने और भुगतान कराने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जिसमें शमशुल हक बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था।
शिकायत के बाद सीबीआई ने बिछाया जाल
पीड़ित द्वारा सीबीआई के धनबाद कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद एजेंसी ने सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। सीबीआई एसपी के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया।
रंगे हाथ गिरफ्तार, देर रात तक चली तलाशी
जैसे ही रकम सौंपी गई, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद परियोजना कार्यालय में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, जो देर रात तक जारी रहा।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को सीसीएल गेस्ट हाउस ले जाकर पूछताछ की जा रही है। सीबीआई इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य संभावित संलिप्तताओं की जांच कर रही है।

