रांची: जिले के मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधोड़ा गांव में गुरुवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।
मोटरसाइकिल से पहुंचे अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पहुंचे और नसीम खान के घर के बाहर रुक गए। इसके बाद उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए।
गांव में फैली दहशत
फायरिंग की आवाज सुनते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग भय के कारण अपने घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
रंगदारी से जुड़ा हो सकता है मामला
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के पीछे रंगदारी की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने जाते समय धमकी भी दी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने गोली के खोखे बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

