पलामू: झारखंड के पलामू जिले में सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पांकी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुई, जिसके बाद मृतक के परिवार में मातम पसर गया।
बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई गांव निवासी अशोक प्रसाद सोनी का 22 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार सोनी मंगलवार रात करीब 8 बजे बाइक से सगालिम बाजार गया था।
वापसी के दौरान रास्ते में उसकी बाइक की टक्कर एक अन्य अज्ञात बाइक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोशन कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने परिजनों को खबर दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल स्थित पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस उस अज्ञात बाइक और चालक की तलाश में जुटी हुई है, जिससे यह दुर्घटना हुई।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

