रांची: गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रांची से अजमेर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे झारखंड और राजस्थान के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी।
इस दिन से शुरू होगी सेवा
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 09619 अजमेर–रांची साप्ताहिक स्पेशल 17 अप्रैल से 10 जुलाई तक चलाई जाएगी। यह ट्रेन हर शुक्रवार रात 11:05 बजे अजमेर से रवाना होकर जयपुर होते हुए रविवार सुबह 7:30 बजे रांची पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 09620 रांची–अजमेर साप्ताहिक स्पेशल 19 अप्रैल से 12 जुलाई तक चलेगी। यह ट्रेन हर रविवार सुबह 10:50 बजे रांची से खुलेगी और सोमवार शाम 6:35 बजे अजमेर पहुंचेगी।
सभी वर्ग के यात्रियों के लिए सुविधा
इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सेकेंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी शामिल हैं, ताकि सभी वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिल सके।
लंबी दूरी के यात्रियों को फायदा
रेलवे के इस फैसले से झारखंड और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
अन्य स्पेशल ट्रेनों की भी घोषणा
रेलवे ने एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से बरौनी के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है, जो 12 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच तीन फेरे लगाएगी।
इसके अलावा एर्नाकुलम और मुजफ्फरपुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जो अप्रैल महीने में तीन-तीन फेरे लगाएगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
इन स्पेशल ट्रेनों का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा, जिससे पूर्वी भारत के यात्रियों को भी अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
रेलवे का यह कदम यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, जिससे लोगों को आरामदायक और सुगम यात्रा का विकल्प मिल सके।

