चाईबासा: झारखंड के चाईबासा स्थित सारंडा जंगल में एक बार फिर नक्सलियों की साजिश से बड़ा धमाका हुआ है। सर्च ऑपरेशन के दौरान लगाए गए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, घायल जवान को इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट करने की तैयारी की गई है। इसके लिए रांची से हेलीकॉप्टर भी भेजा गया है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ विस्फोट
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह कोबरा बटालियन के जवान सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों के ठिकानों की तलाश में अभियान चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे एक जवान घायल हो गया।
जवान की हालत खतरे से बाहर
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवान की हालत गंभीर नहीं है। उन्हें मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। नक्सलियों की तलाश के लिए जंगल में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाने की बात कही है।
सारंडा जंगल पहले भी नक्सली गतिविधियों के कारण संवेदनशील रहा है और सुरक्षा बल लगातार यहां अभियान चलाते रहे हैं।

